आवारा कुत्तों की नसबंदी व टीकाकरण शीघ्र शुरू करें उपायुक्त

करनाल, 28 नवंबर: आवारा कुत्तों के मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अनुपालना को लेकर एक बैठक आज यहां उपायुक्त उत्तम सिंह की अध्यक्षता में जिला सचिवालय में आयोजित की गई। इसमें उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में आवारा कुत्तों की नसबंदी व टीकाकरण कर कार्य शीघ्र आरंभ किया जाए।
 उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में यह कार्य नगर निगम, नगर परिषद अथवा नगर पालिका और गांवों में पंचायती राज संस्थाओं के सहयोग व पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर शुरू किया जाए।
 बैठक में उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को रेबिज के टीकों का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए। यह पता लगाने के लिए भी कहा कि किस क्षेत्र से कुत्ता काटने के सर्वाधिक मामले आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थाओं, स्कूलों, बस अड्डा रेलवे स्टेशनों, खेल परिसरों आदि में आवारा कुत्ते प्रवेश न करें, इसके लिए चाहरदीवारी, बाड़ अथवा गेट का समुचित व्यवस्था की जाए। 
इन संस्थाओं के परिसरों में यदि कोई कर्मचारी आवारा कुत्तों को आहार डालता है तो उसे नोटिस जारी किया जाए। नगर निगम अधिकारियों से कहा कि जिन लोगों ने घरों में कुत्ते पाल रखे हैं, उनका रजिस्ट्रेशन किया जाए ताकि यह पता लगाया जा सके कि आवारा कुत्तों के अलावा पालतू कुत्तों की संख्या कितनी है।
 उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में एक आदेश जारी कर राज्य सरकारों और  केंद्र शासित प्रदेशों के अधिकारियों से कहा है कि अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, बस अड्डे, खेल परिसरों और रेलवे स्टेशन जैसी सार्वजनिक जगहों से आवारा कुत्तों को हटाया जाए। इन संस्थाओं में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिसर की चारदीवारी, बाड़ या गेट लगाए जाएं।
 बैठक में नगर निगम डीएमसी अभय सिंह, जीएम रोडवेज कुलदीप, डीडीपीओ कंचनलता, उप सिविल सर्जन शशि गर्ग, उप जिला शिक्षा अधिकारी ज्योत्सना मिश्रा, उच्च शिक्षा विभाग से अनीता जून सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।