सेंट जोसेफ स्कूल और थैलेसेमिक चैरिटेबल ट्रस्ट ने पीजीआई चंडीगढ़ में मनाई क्रिसमस की खुशियां

चंडीगढ़, 24 दिसंबर 2025:- थैलेसेमिक चैरिटेबल ट्रस्ट ने आज सेंट जोसेफ स्कूल, चंडीगढ़ के शिक्षकों और छात्रों के साथ मिलकर मानवता की मिसाल पेश करते हुए क्रिसमस का पर्व मनाया। यह कार्यक्रम पीजीआई चंडीगढ़ में रक्त आधान (ब्लड ट्रांसफ्यूजन) करवा रहे थैलेसेमिक रोगियों के बीच आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मरीजों और उनके अभिभावकों के चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए उन्हें उपहार और मिठाइयां बांटी गईं। स्कूल के छात्रों और ट्रस्ट के सदस्यों ने मिलकर प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। ट्रस्ट के अनुसार, इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य उपचार के कठिन समय में इन बच्चों को खुशियां देना और समाज में दयालुता की भावना को बढ़ावा देना था।