श्रीकृष्ण बलराम शोभा यात्रा महोत्सव 28 को हिसार में
हिसार, 26 मार्च:- भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से हिसार में श्रीकृष्ण बलराम शोभा यात्रा महोत्सव इस बार भी देश विदेश से आये हुए भक्तों के साथ 28 मार्च को धूमधाम से मनाया जायेगा। हिसार की भूमि को पवित्र करने और नगर वासियों को अपने दर्शन देने के लिए इस उत्सव की प्रेरणा कृष्णकृपामूर्ति श्रीमद अभय चरणारविंद भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद ने दी। आज उनके अनुयायी इस सेवा को आगे बढ़ा रहे हैं।
श्रील प्रभुपाद के ही एक शिष्य श्रील सुभग स्वामी महाराज की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से हिसार में सातवी बार श्रीकृष्ण बलराम भगवान की शोभा यात्रा अत्यंत भक्तिभाव पूर्वक से मनाई जाएगी। ये शोभा यात्रा बिश्नोई मन्दिर, राजगुरु मार्केट से दोपहर बाद 3.30 बजे प्रारम्भ होगी और शहर के मुख्य बाजारों से होते हुए वापिस बिश्नोई मन्दिर में विशाल भंडारे के साथ विश्राम लेगी।
इससे पहले 27 मार्च को शाम 6 बजे से रामनवमी महोत्सव श्रीश्री जगन्नाथ मन्दिर, सेक्टर 15 नजदीक गोविंद रेस्टोरेंट मे बड़ी धूमधाम से मनाई जायेगी। स्पेन निवासी मन्दिर प्रमुख गोपाल भट्ट दास ब्रह्मचारी ने बताया कि शास्त्रों में बताया गया है जो व्यक्ति रथ पर सवार भगवान कृष्ण बलराम के दर्शन करता है, उसका पुनर्जन्म नहीं होता।
