जिले के 466 गांवों में ग्राम सभाओं के विशेष आम अधिवेशन शुरू
नवांशहर- मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान के निर्देश पर ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग पंजाब द्वारा शहीद भगत सिंह नगर जिले के 5 ब्लॉकों (नवांशहर, बलाचौर, बंगा, आेर और सरोया) के 466 गांवों में ग्राम सभाओं के दो दिवसीय विशेष आम सत्र आज से शुरू कर दिए गए हैं।
यह जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर अंकुरजीत सिंह ने बताया कि 29 व 30 मार्च को आयोजित की जा रही इन आम बैठकों में पंजाब सरकार की हिदायतों के अनुसार गांवों के बहुमुखी विकास के लिए गांवों में खेल के मैदानों का निर्माण, पार्कों का निर्माण, छप्पड़ों का जीर्णोद्धार, ठोस कचरा प्रबंधन प्रोजेक्ट, गंदे पानी की निकासी से संबंधित प्रोजेक्ट, गांवों में इमारतों व दुकानों का निर्माण, साझे शौचालयों का निर्माण, पुस्तकालयों का निर्माण, पंचायत घरों का निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण तथा पौधारोपण के कार्यों की पहचान की जा रही है, ताकि इन कार्यों को 1 अप्रैल 2025 से शुरू किया जा सके।
इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) अवनीत कौर ने बताया कि इन आम बैठकों में ग्राम पंचायतों को आगामी वित्तीय वर्ष के दौरान किए जाने वाले कार्यों के बारे में जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इन आम सभाओं को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा गांवों से जुड़े अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी विभागों की चल रही योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं।
