पूर्व कांग्रेसी नेता के पुत्र ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या
बठिंडा/मौड़मंडी,31 मार्च:- यह दुखद समाचार प्राप्त हुआ है कि मौड़ विधानसभा क्षेत्र से मरहूम पूर्व कांग्रेसी नेता सुखराज सिंह नत्त के पुत्र दविंदर पाल सिंह नत्त, जो पेशे से एक वकील थे, ने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर अपने निवास गणपति एन्क्लेव, बठिंडा में आत्महत्या कर ली। गोली मारने से पहले दविंदर पाल ने एक वीडियो बनाई और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो वायरल हो गई।
वीडियो में उन्होंने अपनी मौत के लिए चंडीगढ़ में स्थित सुषमा नाम की एक कंपनी के मालिक बिल्डर बिंदरपाल मित्तल, उसके दो पुत्रों भरत मित्तल और प्रतीक मित्तल को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने वीडियो में 4 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाया है।
वीडियो में उन्होंने कहा कि सुषमा बिल्डर के मालिक बिंदरपाल मित्तल उनके पैसे वापस नहीं कर रहे और उन्हें परेशान किया जा रहा है, इसलिए वह आत्महत्या कर रहे हैं। बठिंडा पुलिस ने मृतक की मां के बयानों के आधार पर सुषमा बिल्डर के मालिक बिंदरपाल मित्तल और उसके दो पुत्रों भरत मित्तल और प्रतीक मित्तल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
