एसआईआर जिले में 8921 प्रतिशत मतदाताओं की हुई मैपिंग जिला चुनाव अधिकारी

होशियारपुर:- पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी के दिशा-निर्देशों पर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्थित मतदान केंद्रों पर वोटर सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) के तहत वोटर सूचियों की मैपिंग के लिए विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (बी.एल.ओ.) द्वारा लगभग 8700 मतदाताओं को मैप किया गया, जिससे जिले में कुल मैप किए गए मतदाताओं की संख्या 11,31,748 हो गई है। 
डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी आशिका जैन ने बताया कि रविवार को जिले के 1500 से अधिक मतदान केंद्रों पर बी.एल.ओ. द्वारा एस.आई.आर. के तहत वोटों की मैपिंग की गई। उन्होंने बताया कि जिले में मतदाताओं की कुल संख्या 12,68,635 है, जिसमें से 11,31,749 मैप किए गए मतदाता हैं और 1,36,886 मतदाताओं को सूचियों के अनुसार अपडेट किया जाना बाकी है।
 डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि अब तक 89.21 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग का काम पूरा हो चुका है और बचे हुए मतदाताओं को भी जल्द अपडेट करने के लिए बी.एल.ओ. लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि जिले में जिन मतदाताओं के विवरण में कुछ कमियां सामने आई हैं, उनकी दुरुस्तगी के लिए बी.एल.ओ. द्वारा आवश्यक दस्तावेजों की मांग की गई है।
जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र 39-मुकेरियां में कुल 2,05,133 मतदाताओं में से 1,87,898 मैप किए जा चुके हैं और यहां 91.60 प्रतिशत मैपिंग पूर्ण हो चुकी है। विधानसभा क्षेत्र 40-दसूहा में कुल 1,95,167 मतदाताओं में से 1,76,586 मैप किए जा चुके हैं और यहां 90.48 प्रतिशत मैपिंग का काम पूरा हो चुका है। विधानसभा क्षेत्र 41-उड़मुड़ में 1,73,657 कुल मतदाता हैं जिनमें से 1,56,847 को मैप किया जा चुका है जिससे यहां 90.32 प्रतिशत मैपिंग पूरी हो गई है। 
इसी तरह 42-शाम चौरासी में 1,73,896 मतदाता हैं जिनमें से 1,59,386 को मैप किया जा चुका है और यहां 91.66 प्रतिशत मैपिंग का काम पूर्ण हो चुका है। 43-होशियारपुर में 1,88,608 कुल मतदाता हैं जिनमें से 1,46,069 मतदाताओं की मैपिंग हो चुकी है और यहां 77.45 प्रतिशत मैपिंग की गई है। 
44-चब्बेवाल में कुल मतदाताओं की संख्या 1,59,700 है जिनमें से 1,46,144 की मैपिंग पूर्ण हो चुकी है और शेष मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज पेश करने के लिए कहा गया है, यहां 91.51 प्रतिशत मैपिंग का काम किया जा चुका है। इसी तरह हलका 45-गढ़शंकर में कुल मतदाता 1,72,474 हैं जिनमें से 1,58,819 की मैपिंग की जा चुकी है जिससे यहां अब तक 92.08 प्रतिशत मैपिंग का काम पूर्ण हो चुका है।