मिश्रा परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ

खरड़, 30 अक्टूबर 2025: माता गुजरी एन्क्लेव, मुंडी (खरड़) में मिश्रा परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का आज शुभ कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। आरंभ में भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। कलश यात्रा श्री रोहित मिश्रा जी के निवास स्थान से प्रारंभ होकर प्राचीन श्री हनुमान मंदिर, कोहरी वाला मंदिर (मुंडी खरड़) पहुँची। मंदिर में महंत श्री राम निवास जी ने यात्रा का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने मंदिर से पवित्र जल लेकर कलश में जल भरा और कलश का अभिषेक करवाया तथा सभी कलशधारी माताओं, युवाओं और श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर भजन-कीर्तन और हरिनाम संकीर्तन से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।
स्थानीय निवासियों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने बड़े उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। "राधे कृष्ण", "हरि बोल" के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। अगले 6 दिनों तक परम पूज्य पंडित श्री गणेशचंद्र शास्त्री जी (गंगोत्री वाले) द्वारा श्री कृष्ण जी की दिव्य लीलाओं की कथा का वाचन किया जाएगा।
कथा प्रतिदिन सायं 4:00 बजे से 7:00 बजे तक होगी।
इसके अतिरिक्त, 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक प्रातः 8:00 बजे से 11:00 बजे तक मूल पाठ होगा। 5 नवंबर (समापन दिवस) को प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक कथा एवं भव्य भंडारा होगा। आयोजक: रोहित मिश्रा एवं डॉ. प्रतिभा मिश्रा ने समस्त क्षेत्रवासियों से विनम्र अनुरोध किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में आकर कथा का आनंद लें और परिवार, समाज एवं जीवन में शांति, समृद्धि एवं उन्नति हेतु इस पावन आध्यात्मिक आयोजन का लाभ प्राप्त करें।