मौत का कॉन्ट्रैक्ट लेकर आया था शूटर पुलिस मुठभेड़ में हुआ गिरफ्तार

करनाल,18 मई:- करनाल में बिजली निगम की महिला कर्मचारी डिंपल अरोड़ा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सेक्टर-9 में दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास उर्फ संजू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पैर में गोलियां लगने के बाद ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और विदेश से दी गई सुपारी का एंगल सामने आ रहा है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और साजिश में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार 15 मई की दोपहर डिंपल अरोड़ा अपने ऑफिस से खाना खाने घर पहुंची थीं। इसी दौरान घर के बाहर अज्ञात हमलावर ने उनके सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी हुई थीं।
सूत्रों के मुताबिक डिंपल अरोड़ा का अपने पड़ोसी परिवार के साथ लंबे समय से पार्किंग को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि पड़ोसी व्यक्ति ने अपने मकान का पिछला गेट उस गली में खुलवाया था जहां डिंपल का घर था। वाहन खड़ा करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार झगड़ा हुआ और मामला कोर्ट तक पहुंच गया था। करीब एक साल पहले उस व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जबकि उसके बेटे विदेश में रहते हैं। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं हत्या की साजिश विदेश में बैठे लोगों ने तो नहीं रची।
जांच में यह बात भी सामने आई है कि हत्या की सुपारी विदेश में दी गई थी। बताया जा रहा है कि ऑस्ट्रेलिया में रह रहे युवक ने बैंकॉक में आरोपी को हत्या की सुपारी दी। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विकास उर्फ संजू कुरुक्षेत्र के लाडवा क्षेत्र के गांव सलेमपुर का रहने वाला है। आरोपी पहले भी हत्या के मामले में 20 साल की सजा काट चुका है। जमानत पर बाहर आने के बाद वह फरार चल रहा था। पुलिस को शक है कि वह हाल ही में थाईलैंड से लौटने के बाद इस वारदात को अंजाम देने करनाल पहुंचा था।
17 मई की रात सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी इंद्री रोड पर मौजूद है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। मुठभेड़ के दौरान आरोपी को कमर के नीचे दो गोलियां लगीं और वह मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और बाइक बरामद की है। डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हत्या के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। आरोपी के अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उसे पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले में कई एंगल सामने आए हैं, जिनमें पुरानी रंजिश, विदेश कनेक्शन और पारिवारिक विवाद शामिल हैं। फिलहाल जांच जारी है और पुलिस पूरे मामले का जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है।