अमरनाथ गुफा में शिवलिंग 90 गायब ऊंचाई घटकर एक फुट रह गई

श्रीनगर:- अमरनाथ गुफा में बना पवित्र हिम शिवलिंग सिकुड़कर लगभग एक फुट की ऊंचाई का रह गया है। सोमवार को एक फुट ऊंचे 'बाबा बर्फानी' की तस्वीर सामने आई है। 57 दिनों की अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हुई थी। पिछले तीन दिनों में 56,000 से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में 18.6 प्रतिशत अधिक है।
वर्ष 2025 में पहले तीन दिनों के दौरान 47,972 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। इस वर्ष अमरनाथ यात्रा के लिए 4 लाख श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है।
23 मई को बीएसएफ जवानों द्वारा जारी की गई एक तस्वीर में शिवलिंग की ऊंचाई लगभग 7 फुट थी। 29 जून को प्रथम पूजा के दिन भी हिमलिंग की ऊंचाई 5 फुट से अधिक थी। हालांकि, 6 जुलाई को सामने आई तस्वीर में हिमलिंग लगभग 90 प्रतिशत तक घटा हुआ दिखाई दे रहा है।
श्रद्धालु लगातार 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग तथा छोटे लेकिन अधिक कठिन 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। यह यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी।
9 जुलाई तक सभी पंजीकरण स्लॉट बुक; प्रशासन ने नए श्रद्धालुओं को इंतजार करने की सलाह दी
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने बिना पंजीकरण अमरनाथ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से अपनी यात्रा कुछ दिनों के लिए स्थगित करने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार, 9 जुलाई तक के सभी पंजीकरण स्लॉट पूरी तरह बुक हो चुके हैं।
इसके चलते बिना पंजीकरण बालटाल या पहलगाम मार्ग से आगे बढ़ने का प्रयास करने वाले श्रद्धालुओं को चेक पोस्ट पर रोक दिया जाएगा। उन्हें 9 जुलाई के बाद ही आगे जाने की अनुमति मिलेगी। अधिकारियों ने बताया कि रविवार से केवल पंजीकृत श्रद्धालुओं को ही कश्मीर की ओर यात्रा करने की अनुमति दी जाएगी।