बीज विक्रेताओं को 'साथी' ऐप पर प्रशिक्षण दिया गया

नवांशहर- बंगा रोड स्थित ब्लॉक कृषि कार्यालय नवांशहर में कृषि अधिकारी ब्लॉक नवांशहर डॉ. राज कुमार की अध्यक्षता में ब्लॉक नवांशहर के सभी बीज विक्रेताओं को 'साथी' ऐप पर प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर डा. राज कुमार ने कहा कि पंजाब सरकार व कृषि विभाग के आदेशानुसार प्रत्येक बीज साथी पोर्टल के माध्यम से बेचा जाएगा।
 उन्होंने कहा कि बीज विक्रेता इस सीजन में पोर्टल पर ऑनलाइन बीज बेचें तथा पोर्टल पर बीज संबंधी आवश्यक जानकारी भरें। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने धान व पूसा 44 के हाईब्रिड बीजों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है, इसलिए कोई भी विक्रेता इन बीजों को न बेचे। ब्लाक नवांशहर के साथी एप के नोडल अधिकारी डा. कुलदीप सिंह कृषि विकास अधिकारी ने सभी विक्रेताओं को साथी पोर्टल चलाने के बारे में पूर्ण जानकारी दी तथा कहा कि अब कोई भी विक्रेता बिना पोर्टल के किसी भी प्रकार का बीज नहीं बेचेगा। 
यदि किसी विक्रेता को इस संबंध में कोई परेशानी आती है तो वह कृषि विभाग के टेलीफोन नंबर या कार्यालय में संपर्क कर सकता है। उन्होंने कहा कि पोर्टल का उद्देश्य किसानों को उचित व गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध करवाना तथा किसानों के माल की गुणवत्ता बढ़ाना है। 
इसलिए सभी डीलर पोर्टल के माध्यम से बीज बेचकर कृषि विभाग को पूर्ण सहयोग प्रदान करें। इस अवसर पर डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष महिंदर सिंह खालसा ने कृषि विभाग को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 23 बीज डीलरों ने भाग लिया।