एसडीएम ने एसआईआर अभियान की समीक्षा सुपरवाइजरों व बीएलओ को दिए आवश्यक दिशानिर्देश
रतिया, 2 जुलाई:- एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी सुरेन्द्र सिंह ने गुरुवार को अपने कार्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत सुपरवाइजरों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई तथा अभियान को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं त्रुटिरहित होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर सत्यापन कार्य पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ करें तथा पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने और आवश्यक संशोधनों का कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार समय पर पूरा करें।
एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीन कार्यरत बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या या त्रुटि का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूर्णतः पालन करते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।
बैठक के दौरान उन्होंने लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही या अनावश्यक देरी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
एसडीएम ने बताया कि घर-घर सत्यापन कार्य पूर्ण होने के बाद 21 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित किया जाएगा। इसके पश्चात 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निपटारा 18 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा 22 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
इस अवसर पर बैठक में नायब तहसीलदार बलवान सिंह सहित सुपरवाज़र व बीएलओ मौजूद रहे।
