बरसाती मौसम को लेकर एसडीएम ने किया शहर का निरीक्षण सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
रतिया, 8 जुलाई:- बरसाती मौसम को देखते हुए एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जल निकासी एवं सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए।
एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने नालों के आगे दुकान संचालकों से कहा कि वे नालों में कचरा या अन्य अपशिष्ट सामग्री न डालें। उन्होंने कहा कि नालों में कचरा फेंकने से जल निकासी बाधित होती है, जिससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने दुकानदारों से शहर को स्वच्छ रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया।
एसडीएम ने शहीद देविन्द्र सिंह पार्क का भी दौरा किया और पार्क में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसाती मौसम के दौरान सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा किसी भी समस्या की सूचना मिलते ही उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
