एसडीएम ने अनाज मंडियों व राम भारत गैस और इण्डेन गैस एजेंसियों का निरिक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रतिया,1 अप्रैल:- एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने बुधवार को रतिया अनाज मंडी व खरीद केंद्र गांव कमाना, बाड़ा, भूदड़वास, बाह्मणवाला सहित राम भारत गैस और इण्डेन गैस एजेंसियों का निरिक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने खरीद केंद्रों का दौरा करते हुए मार्केट कमेटी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि फसल खरीद प्रक्रिया के दौरान गेट पास, फसल तुलाई और भुगतान से जुड़ी प्रत्येक प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित होनी चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि अनाज मंडी व खरीद केंद्रों में साफ-सफाई, पीने के पानी, बिजली, शौचालय, बैठने की व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखी जाएं, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने राम भारत गैस और इण्डेन गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर गैस आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर गैस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने लोगों को समझाते हुए अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। आवश्यकता होने पर सामान्य प्रक्रिया के तहत गैस बुकिंग कराएं। प्रशासन व गठित टीमों द्वारा गैस आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिलती रहे।
