संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए एसडीएम ने अधिकारियों के साथ की बैठक

होशियारपुर- संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए उपायुक्त आशिका जैन के निर्देश पर एसडीएम होशियारपुर गुरसिमरनजीत कौर ने आज अपने कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान एसडीएम ने नगर निगम होशियारपुर, नगर परिषद हरियाणा और शाम चुरासी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बारिश शुरू होने से पहले सभी नालों और सीवरों की पूरी तरह से सफाई सुनिश्चित करें, ताकि पानी जमा न हो। 
इसके साथ ही उन्होंने पंपों की भी अग्रिम व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत पानी निकाला जा सके। उन्होंने सैनिक कल्याण विभाग और बीडीपीओ को तैराकों और गोताखोरों की पहचान करने और उनकी सूची तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि आपातकालीन स्थितियों में राहत कार्यों के दौरान उनकी सहायता ली जा सके।
एसडीएम ने जिला शिक्षा अधिकारी को संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के आसपास के स्कूलों की पहचान करने के निर्देश दिए, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी राहत शिविरों के रूप में इस्तेमाल किया जा सके। साथ ही, इन स्कूलों में पीने के पानी, शौचालय, बिजली आदि जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 
बैठक में सिविल डिफेंस, होमगार्ड, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग, ड्रेनेज विभाग, जलापूर्ति एवं स्वच्छता विभाग, पशुपालन विभाग, रेडक्रॉस सोसायटी व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत करवाया गया तथा बाढ़ प्रबंधन तैयारियों को प्राथमिकता देने के लिए कहा गया। 
सिविल डिफेंस व होमगार्ड को आपदा प्रबंधन के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में सहायता करने के निर्देश दिए गए, जबकि बीडीपीओ को ग्रामीण क्षेत्रों में राहत कार्यों के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए कहा गया। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को बाढ़ प्रभावित परिवारों को आवश्यकता पड़ने पर आवश्यक खाद्य सामग्री व अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए। 
लोक निर्माण व ड्रेनेज विभाग को सड़कों व ड्रेनेज व्यवस्था को बनाए रखने तथा जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग को स्वच्छ पेयजल व स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार, पशुपालन विभाग को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं व चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जबकि रेडक्रॉस सोसायटी को राहत कार्यों में सक्रिय सहयोग करने तथा जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहने के निर्देश दिए गए। 
एसडीएम गुरसिमरनजीत कौर ने सभी विभागों से आपसी समन्वय से कार्य करने तथा किसी भी संभावित आपातकालीन स्थिति से समय रहते तथा प्रभावी तरीके से निपटने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। बैठक में तहसीलदार लार्सन सिंगला, जिला शिक्षा अधिकारी ललिता अरोड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।