एसडीएम ने समाधान शिविर में सुनी जन शिकायतें निस्तारण के दिए निर्देश

रतिया, 1 जून:- एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने स्थानीय लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान उन्होंने जन संवाद पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की और अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकार द्वारा नागरिकों की सुविधाओं के लिए विभिन्न ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम उपलब्ध करवाए गए हैं, इसलिए प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध निपटारा किया जाए।
उन्होंने जन संवाद पोर्टल पर लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।शिकायतकर्ता को संतोषजनक समाधान उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का निवारण प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखें। जिन मामलों का समाधान मौके पर किया जा सकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए तथा जिन मामलों में विभागीय कार्रवाई आवश्यक है, उनमें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर किया जा सके।