समाधान शिविर में एसडीएम ने सुनीं लोगों की समस्याएं अधिकारियों को दिए निर्देश

रतिया, 7 मई:- एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने वीरवार को स्थानीय लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समाधान शिविर में रतिया क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न गांवों और शहर से पहुंचे नागरिकों ने बिजली, पेयजल, पेंशन, परिवार पहचान पत्र तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों को लेकर अपनी शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं।
एसडीएम ने एक-एक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध करवाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निपटारा करना है।
एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने अधिकारियों से कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें। किसी भी नागरिक को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विभागीय अधिकारी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
उन्होंने कहा कि प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह संवेदनशील है और लोगों की सुविधा के लिए ऐसे शिविर सोमवार व वीरवार को सप्ताह में दो दिन आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन समस्याओं का तुरंत समाधान संभव है, उनका निस्तारण वहीं किया जाए तथा शेष मामलों को तय समय सीमा में पूरा किया जाए।
इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।