एसडीएम ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को सफलतापूर्वक करवाने के लिए अधिकारियों की ली बैठक

रतिया, 26 मई:- एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 (एसआईआर) का कार्य 5 जून से शुरू किया जाएगा।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ किया जाए, ताकि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जा सकें तथा अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जा सके। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
बैठक के दौरान बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। एसडीएम ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में बीएलओ के साथ नियमित संपर्क बनाए रखें तथा कार्य की प्रतिदिन समीक्षा करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, वहां विशेष ध्यान देते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करवाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए सभी अधिकारी इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करें।
उन्होंने बताया कि आगामी 5 जून से 14 जून तक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के प्रशिक्षण एवं गणना पत्रकों की प्रिंटिंग का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 15 जून से बीएलओ सभी पात्र मतदाताओं के घर-घर जाकर गणना पत्रक वितरित करेंगे तथा मतदाताओं से विधिवत भरवाकर 14 जुलाई तक वापस एकत्रित करेंगे। मतदान केंद्रों का रेशनलाइजेशन 14 जुलाई तक पूरा किया जाएगा तथा 21 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 21 जुलाई से 20 अगस्त तक निर्धारित की गई है, जबकि प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निपटान 21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
बैठक में नायब तहसीलदार विचित्रा नन्द, चुनाव कानूनगो सतबीर सिंह, डॉ. हरीश सिंह, एसडीओ परमजीत सिंह, राजेन्द्र कुमार, कुलदीप सिंह रोबिन सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।