चौ छोटूराम धाम जसिया पर सर्व हरियाणा सर्वखाप पंचायत का आयोजन
हिसार, 7 मार्च:- चौ. छोटूराम धाम, जसिया में आज प्रात: सर्व हरियाणा सर्वखाप पंचायत का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता हुडा खाप के प्रधान ओम प्रकाश हुड्डा ने की। बैठक में समस्त हरियाणा की लगभग 70 खापों ने भाग लिया। सभी खापों के प्रधानों के विचार सुनने के बाद सर्वसम्मति से हजारों लोगों की उपस्थिति में एकमत से अनेक प्रस्ताव पारित किए गए।
पंचायत की जानकारी देते हुए जाट सेवा संघ, जसिया के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चेयरमैन ने बताया कि इन प्रस्तावों में वर्तमान कार्यकारिणी जिसके चेयरमैन रणधीर सिंह कढ़ोदा है, पिछले लगभग 4 साल से कार्यकारिणी काफी अच्छा कार्य कर रही है। इनके कार्यकाल में धाम पर काफी अच्छे कार्य पूरी ईमानदारी से किए गए हैं।
इस कार्यकारिणी को अपने कार्यकाल जून 2027 तक अपना कार्य करते रहना चाहिए। यह धाम पूरे देश के जाट समाज का है। अत: यह किसी भी व्यक्ति विशेष की जागीर नहीं होनी चाहिए। धाम की ट्रस्ट डीड में जो सेटलर शब्द जोड़ा गया है, इसका मतलब है धाम का मालिक, जो कि इस संपत्ति को बेच सकता है, गिरवी रख सकता है। इस पर ऋण ले सकता है, इस शब्द को हटाकर एक पारदर्शी डीड बनानी चाहिए।
ट्रस्ट डीड को पारदर्शी बनाने के लिए इसमें और भी कई संशोधन आवश्यक हैं जैसे धाम का रजिस्ट्रेशन दिल्ली की बजाये रोहतक में होना अनिवार्य है ताकि इसका पता जसिया धाम का हो न कि नांगलोई की दुकान का। ट्रस्ट डीड में टोटल ट्रस्टियों की संख्या निर्धारित होनी चाहिए। ट्रस्टी का चुनाव किस आधार पर हो, यह स्पष्ट होना चाहिए। कुछ अन्य जरूरी संशोधन जिससे ट्रस्ट डीड को पूर्णतया पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक हो।
सतीश चेयरमैन ने बताया कि इसके लिए हुडा खाप के प्रधान की अध्यक्षता में एक 21 सदस्यीय कमेटी का गठन किया जाए, जिसमें समाज के बुद्धिजीवी शामिल हो जो पूर्ण विचार विमर्श करके दो महीने में अपनी रिपोर्ट देगी। समाज के सभी सदस्यों को अधिकार होगा, कि वह संशोधन के संबंध में अपने विचार लिखकर कमेटी के सामने रख सकते हैं जिनके आधार पर ट्रस्ट डीड को अंतिम रूप से संशोधित कर पारदर्शी बनाया जाएगा।
हमारे समाज में किसी भी धार्मिक समारोह, शादी समारोह या अन्य किसी भी तरह की खुशी के आयोजन में गौशाला, मंदिर के लिए दान दक्षिणा देने की परंपरा है। इस परंपरा में छोटूराम धाम को भी शामिल करने का प्रस्ताव है। यह धाम जाट समाज की किसी भी मीटिंग के लिए इसका प्रांगण हमेशा उपलब्ध रहेगी लेकिन राजनीतिक रैली करने की अनुमति नहीं होनी चाहिए।
चुनी हुई कार्यकारिणी के काम में अगर कोई तत्व व्यवधान उत्पन्न करने की कोशिश करेगा, तो ऐसे तत्वों को समाज सहन नहीं करेगा। ऐसे तत्वों का धाम में प्रवेश वर्जित रहेगा। जाट महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक बल्हारा ने कहा कि वे भविष्य में जाट सेवा संघ का कोई भी पद नहीं लेंगे। लेकिन छोटू राम धाम के लिए सदैव तन मन धन से साथ रहेंगे।
