सत्ता की जंग में घिरा सरपंच पंचों ने खोला मोर्चा

करनाल, 26 मार्च: करनाल जिले के गांव रांवर में पंचायत स्तर पर बड़ा प्रशासनिक विवाद सामने आया है। सस्पेंड किए गए सरपंच के खिलाफ पंचायत सदस्यों ने जिला उपायुक्त (डीसी) को अविश्वास प्रस्ताव सौंपते हुए नया कार्यवाहक सरपंच नियुक्त करने की मांग की है। पंचों का कहना है कि मौजूदा हालात में गांव का विकास पूरी तरह रुक गया है और सफाई व्यवस्था भी बिगड़ चुकी है।
पंचायत सदस्य संदीप कुमार समेत कुल 10 पंच डीसी कार्यालय पहुंचे और सरपंच नरेंद्र कुमार के खिलाफ लिखित प्रस्ताव सौंपा। उनका दावा है कि दो अन्य पंच भी उनके समर्थन में हैं और पूरा कोरम सरपंच को हटाने के पक्ष में है।
पंचों के अनुसार, नरेंद्र कुमार पर पहले ही भ्रष्टाचार के आरोप लग चुके थे। इस मामले में जिला प्रशासन ने उन्हें रिकॉर्ड सहित कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए थे, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद सितंबर में डीसी ने उन्हें सस्पेंड कर दिया था और पंचायत के कामकाज को जारी रखने के लिए एक कार्यवाहक सरपंच नियुक्त किया गया था।
कुछ समय बाद नरेंद्र कुमार हाईकोर्ट से स्टे लेकर वापस आ गए, जिसके बाद गांव में प्रशासनिक स्थिति और उलझ गई। पंचों का कहना है कि अब गांव में प्रभावी रूप से कोई सरपंच काम नहीं कर रहा, जिससे विकास कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। गांव में सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह ठप पड़ी है। गलियों में गंदा पानी भरा हुआ है और कई जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। पंचों ने डीसी से मांग की है कि सस्पेंडेड सरपंच को स्थायी रूप से हटाकर जल्द से जल्द नया कार्यवाहक सरपंच नियुक्त किया जाए, ताकि गांव की व्यवस्था सुधर सके।