संतोषगढ़ पुलिस ने टिप्पर चालकों पर कसी नकेल कई वाहनों के किए चालान।
संतोषगढ़/ऊना, 7 जून (राजवीर चोपड़ा):- सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से संतोषगढ़ पुलिस ने टिप्पर चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की।
अभियान के तहत पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर टिप्परों के दस्तावेज, ओवरलोडिंग तथा अन्य यातायात नियमों की जांच की।
जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों के चालान किए गए और आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई। पुलिस ने चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा ओवरलोडिंग से बचने के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा और आम लोगों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
गौरतलब है कि क्षेत्र में टिप्परों की आवाजाही और नियमों के उल्लंघन को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं, जिसके मद्देनजर पुलिस द्वारा समय-समय पर विशेष अभियान चलाए जाते हैं।
