संतोषगढ़ नगर परिषद की पहली मासिक बैठक सम्पन्न सीवरेज व्यवस्था जल्द शुरू कराने पर जोर
संतोषगढ़/ऊना, 25 जुलाई (राजवीर चोपड़ा):- नगर परिषद संतोषगढ़ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की पहली मासिक बैठक शनिवार को नगर परिषद कार्यालय में अध्यक्ष अंजना चब्बा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नगर के समग्र विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान नगर के विभिन्न वार्डों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। अध्यक्ष अंजना चब्बा ने कहा कि नगर परिषद का मुख्य उद्देश्य नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा और विकास कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
बैठक में लंबे समय से लंबित नगर की सीवरेज व्यवस्था को शीघ्र एवं सुचारू रूप से शुरू कराने पर विशेष रूप से चर्चा हुई। इस संबंध में जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक कर आवश्यक कदम उठाने तथा विभागीय समन्वय के माध्यम से कार्य में तेजी लाने पर सहमति बनी।
इसके अलावा विभिन्न वार्डों में गंदे पानी की निकासी से जुड़ी समस्याओं पर भी विस्तार से विचार किया गया। कई स्थानों पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से लोगों को हो रही परेशानियों पर चिंता व्यक्त करते हुए स्थायी समाधान के लिए आवश्यक योजनाएं तैयार करने तथा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, जनसुविधाओं में सुधार तथा विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर भी जोर दिया गया। परिषद सदस्यों ने अपने-अपने वार्डों से संबंधित समस्याएं एवं विकास संबंधी सुझाव भी रखे, जिन पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर नगर परिषद के उपाध्यक्ष संदीप कुमार, वार्ड-1 की पार्षद अंजू वाला, वार्ड-3 की पार्षद चरणजीत कौर, वार्ड-4 के पार्षद इकबाल सिंह, वार्ड-6 की पार्षद कुसुम लता, कार्यकारी अधिकारी हर्ष गुप्ता, सैनिटरी इंस्पेक्टर आशुतोष शर्मा, कनिष्ठ अभियंता अर्श रतन, जसविंदर सिंह, बलजीत सिंह, रुचि सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में अध्यक्ष अंजना चब्बा ने कहा कि नगर परिषद जनसहयोग, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए संतोषगढ़ के विकास को नई गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नगरवासियों की समस्याओं का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
