संतोषगढ़ मुख्य मार्ग अंधेरे में डूबा हादसों का बढ़ा खतरा

संतोषगढ़/ऊना, 29 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- संतोषगढ़ का मुख्य मार्ग बीती रात पूरी तरह अंधेरे में डूबा रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़क पर एक भी स्ट्रीट लाइट जलती नजर नहीं आई, जिसके कारण पूरे क्षेत्र में दृश्यता बेहद कम हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मार्ग दिन-रात व्यस्त रहता है और यहां लगातार ट्रैफिक की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में स्ट्रीट लाइटों का बंद होना किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। अंधेरे के कारण वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहनों और पैदल चलने वालों को देख पाना मुश्किल हो रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ गया है।
दुकानदारों और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते स्ट्रीट लाइटों को ठीक नहीं किया गया, तो कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
स्थानीय प्रशासन और नगर परिषद से अपील की गई है कि वे तुरंत इस मामले का संज्ञान लें और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द से जल्द दुरुस्त करवाएं, ताकि आम जनता को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।