संतोखगढ़ व्यापार मंडल की विशेष बैठक संपन्न दीपक वासुदेव बने व्यपार मंडल के अध्यक्ष

संतोखगढ़/ऊना, 8 जून (राजवीर चोपड़ा):- श्री गुरु रविदास मंदिर परिसर में सोमवार को संतोखगढ़ व्यापार मंडल की विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शहर के व्यापारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और लंबे समय बाद व्यापारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया तथा नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
 बैठक में सर्वसम्मति से दीपक वासुदेव को व्यापार मंडल का प्रधान चुना गया। इसके अलावा संजय जैतक, सोमनाथ, प्रदीप कुमार विक्का, भूपेंद्र सिंह बंटी, बुधराम तथा तरुण पुरी को उप प्रधान की जिम्मेदारी दी गई। गुलशन कुमार को महासचिव, संजू पुरी को सचिव, मूलराज कौशल को कोषाध्यक्ष तथा नवीन महेश को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया। वहीं शादी लाल, विजय वेद, सतीश जोशी, गौरव कपिल, मुकेश पुरी और राजेश प्रभाकर को मुख्य सलाहकार बनाया गया। नरेश पुरी एवं राजन के. टेलर को एग्जीक्यूटिव सदस्य नियुक्त किया गया।
 इस अवसर पर नवनियुक्त प्रधान दीपक वासुदेव ने सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापार मंडल व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि शहर में व्यापार को बढ़ावा देने, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान तथा प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए मंडल सक्रिय भूमिका निभाएगा।
 बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शहर के व्यापार को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर समय-समय पर विचार-विमर्श किया जाएगा और व्यापारियों की एकजुटता को मजबूत किया जाएगा। उपस्थित व्यापारियों ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि मंडल के नेतृत्व में व्यापारियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान होगा तथा शहर के व्यापारिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों का सम्मान किया गया और व्यापारियों ने एकजुट होकर शहर तथा व्यापारिक हितों के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।