संतोखगढ़ में श्रद्धा एवं उत्साह से मनाया संक्रांति पर्व

संतोखगढ़/ऊना, 18 अगस्त (राजवीर चोपड़ा):- श्री गुरु रविदास धार्मिक सभा संतोखगढ़ की ओर से श्री गुरु रविदास मंदिर में संक्रांति का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर श्री गुरु रविदास महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान संत बाबा रविंदर दास जी खनापुर एवं जसविंदर सिंह जत्थे ने मधुर एवं प्रेरणादायक कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को गुरु भक्ति के रंग में रंग दिया। श्रद्धालुओं ने पूरे मनोयोग से कीर्तन का आनंद लिया तथा गुरु चरणों में शीश नवाया।
संत बाबा रविंदर दास जी ने संगत को संबोधित करते हुए कहा कि जगतगुरु श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश उत्सव आने वाला है, जिसे देश-विदेश में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया जाएगा। 
उन्होंने संगत से इस ऐतिहासिक पर्व की तैयारियां बड़े स्तर पर करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्य सरकारों की ओर से भी अपने स्तर पर प्रकाश उत्सव मनाने की तैयारियां की जा रही हैं।
कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
इस अवसर पर मंदिर के प्रधान कुलविंदर बैंस, सचिव मनोहर लाल भीसी, सुरजीत सिंह, वरिष्ठ उपप्रधान कश्मीरी लाल सिंघा, नगर परिषद संतोखगढ़ के उपप्रधान अधिवक्ता संदीप, पार्षद चरनजीत कौर, पार्षद रवि कांत बस्सी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।