सेफ्टी पहले करनाल में चला सीवर हीरोज का ट्रेनिंग कैंप

करनाल, 10 अक्तूबर: नगर निगम कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को सीवर कर्मियों को सुरक्षा संबंधी विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान नगर निगम के तकनीकी विशेषज्ञ सतीश शर्मा, तकनीकी सलाहकार सुनील भल्ला तथा करीब 60 सीवर मैन मौजूद रहे। यह जानकारी नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने दी।
             उन्होंने बताया कि सेफ्टी प्रोफेशनल एच.एस.ई. प्रकाश कंसल्टेंसी, पंचकुला के विशेषज्ञ गौरव कालिया द्वारा प्रशिक्षण दिया गया है। यह एजेंसी सरकार के स्तर पर हायर की गई है, जो प्रदेश के सभी जिलों में जाकर सीवर मैन को प्रशिक्षण देने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान 2025 में नगर निगम अनेक जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर रहा है।    
             उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण सत्र का उद्देश्य सीवरेज सफाई के दौरान कर्मचारियों को सुरक्षा उपायों एवं सावधानियों से भलीभांति अवगत कराना था, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके। इस दौरान उन्हें सीवरेज में प्रवेश से पूर्व मास्क, गमबूट, ऑक्सीजन सिलेंडर, सेफ्टी बेल्ट एवं रस्सी का अनिवार्य उपयोग करने पर बल दिया गया। 
सीवरेज के अंदर जाने से पहले जिस मेन होल  की सफाई की जानी है तथा उसके आस-पास के मेन होल के ढक्कन को कुछ समय पहले ही खोलकर हानिकारक गैसों प्रभाव कम करने की सलाह दी गई। ऐसा करने से मीथेन व एच टू एस गैस का प्रभाव कम हो जाता है।  
             उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में सफाई मशीनें कार्य नहीं कर पातीं, वहां सीवर मैनों को सुरक्षा उपकरणों के साथ ही प्रवेश करने के निर्देश दिए गए हैं। आपातकालीन स्थितियों में सीवरेज के भीतर प्रवेश करते समय सुरक्षा प्रोटोकॉल और टीमवर्क का पालन करने पर विशेष जोर भी दिया गया है। प्रशिक्षण के पश्चात सभी सीवर कर्मियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र तथा सेफ्टी किट भी वितरित की गई।  
             इसके पश्चात फील्ड निरीक्षण व प्रदर्शन प्रशिक्षण के लिए विशेषज्ञ गौरव कालिया एवं निगम की टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर जाकर फील्ड में सीवरेज सफाई कार्यों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कर्मचारियों को व्यवहारिक तौर पर यह दिखाया गया कि सीवरेज में प्रवेश करते समय कौन-कौन से कदम सुरक्षित तरीके से उठाने आवश्यक हैं। प्रशिक्षण के अंत में सभी कर्मचारियों को सेफ्टी प्रोटोकॉल का पालन करने पर अधिक बल दिया गया।  
            निगमायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने कहा कि नगर निगम करनाल सभी कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम कर्मचारियों को न केवल सतर्क बनाते हैं, बल्कि उन्हें सुरक्षित एवं सक्षम तरीके से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित भी करते हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कर्मचारियों की सुरक्षा, जागरूकता एवं कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में एक उल्लेखनीय पहल है। 
उन्होंने सभी सीवर मैन से अपील करते कहा कि वे प्रतिदिन के कार्यों में प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई सुरक्षा विधियों को अवश्य अपनाएं और अपने साथियों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।