सुरक्षित स्कूल वाहन योजना के तहत आरटीओ ने सख्त कार्रवाई की।

होशियारपुर- जिले में सुरक्षित स्कूल वाहन योजना के तहत गठित कमेटी के निर्देश पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) संजीव शर्मा व सहायक परिवहन अधिकारी द्वारा 3 से 4 स्कूलों की 25 से 30 स्कूल बसों की गहनता से जांच की गई।
आरटीओ ने बताया कि इस सख्त चेकिंग अभियान के दौरान सुरक्षित स्कूल वाहन योजना के तहत जारी निर्देशों का उल्लंघन करने वाली 5 बसों के चालान काटे गए। इनमें से एक बस को जब्त कर लिया गया, जिसके पास आवश्यक दस्तावेज और फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं थे। 
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने जिला के सभी स्कूल प्रधानाचार्यों से अपील की कि वे अपने-अपने स्कूलों के सभी बस मालिकों को स्पष्ट निर्देश दें कि वे बसों की फिटनेस, प्रदूषण प्रमाण पत्र, बीमा आदि आवश्यक दस्तावेज समय-समय पर पूरे करवाएं तथा उन्हें हमेशा अपने पास रखें।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्कूल प्रधानाचार्य स्वयं यह सुनिश्चित करें कि उनकी स्कूल बसें सुरक्षित स्कूल वाहन योजना के प्रत्येक दिशा-निर्देशों का पूर्णतया अनुपालन कर रही हैं। यदि कोई स्कूल इस नीति का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आरटीओ ने दोहराया कि बच्चों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस संबंध में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।