जिला में घरेलू गैस सप्लाई के लिए रूट चार्ट जारी
ऊना, 18 मार्च:- जिला दण्डाधिकारी जतिन लाल ने हिमाचल प्रदेश खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निर्देशों के तहत जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की सुचारू और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी गैस एजेंसियों हेतु विस्तृत रूट चार्ट जारी किया है। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को फोकल पॉइंट्स और घर-द्वार पर बिना किसी असुविधा के गैस उपलब्ध कराना और अफवाहों से बचाना है।
जिला प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों और वितरकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित रूट चार्ट का कड़ाई से पालन करें। साथ ही, वितरण वाहनों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से आपूर्ति संबंधी घोषणाएं करना अनिवार्य किया गया है। यदि किसी कारणवश (जैसे बॉटलिंग प्लांट से आपूर्ति बाधित होना या प्रशासनिक दिक्कत) रूट चार्ट का पालन संभव न हो, तो संबंधित ग्राम पंचायत और खाद्य निरीक्षक को समय पर सूचित करना होगा।
वितरकों के लिए यह भी अनिवार्य किया गया है कि वे वाहनों में वजन मापने की मशीन और गैस लीकेज डिटेक्टर रखें तथा प्रत्येक उपभोक्ता को सही कैश मेमो जारी करें। रूट चार्ट का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जारी रूट प्लान के अनुसार, जिले की प्रमुख गैस एजेंसियां जैसे कमल गैस एजेंसी ऊना, बंगाणा गैस एजेंसी, शहीद सुनील गैस सर्विस (गगरेट), पंजावर गैस सर्विस, सुगम गैस सर्विस (रक्कड़ कॉलोनी), हिमाचल प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन (अंब व मैहतपुर), दीपक गैस सर्विस संतोषगढ़ और अन्य एजेंसियां सप्ताह के अलग-अलग दिनों में निर्धारित क्षेत्रों में गैस की आपूर्ति करेंगी। अधिकांश एजेंसियों के लिए सोमवार या रविवार को अवकाश निर्धारित किया गया है, जबकि अन्य दिनों में अलग-अलग गांवों, कॉलोनियों और कस्बों में सप्लाई सुनिश्चित की जाएगी।
कुछ एजेंसियां बुकिंग के आधार पर भी आपूर्ति करेंगी, ताकि मांग के अनुसार उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई जा सके। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियमित निगरानी के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी उपभोक्ता को गैस आपूर्ति में देरी या परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार ही गैस प्राप्त करें और किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी या अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही, किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित एजेंसी या प्रशासन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
