सोते परिवार पर टूटा छत का लेंटर दंपती घायल मासूम बालबाल बची
करनाल, 31 जुलाई:- करनाल शहर के जाटो गेट क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में किराये के मकान की छत का लेंटर गिरने से दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ सो रही सात माह की बच्ची चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गई।
जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय नीतिश अपनी पत्नी रानी और सात महीने की बेटी के साथ जाटो गेट के पास स्थित किराये के मकान में रह रहे हैं। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे परिवार गहरी नींद में था, तभी मकान की छत के लेंटर की करीब दो इंच मोटी निचली परत अचानक भरभराकर नीचे गिर गई।
मलबा सीधे नीतिश और रानी के ऊपर आ गिरा, जिससे दोनों घायल हो गए। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। पड़ोसी आकाश ने बताया कि जब वे घर के अंदर पहुंचे तो नीतिश खून से लथपथ था, जबकि रानी गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर परिवार को बाहर निकाला।
हादसे में घर के अंदर रखा सामान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां नीतिश का इलाज करनाल में चल रहा है। वहीं रानी की हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि मकान की छत का हिस्सा किन कारणों से गिरा और कहीं निर्माण संबंधी लापरवाही तो हादसे की वजह नहीं बनी।
