एसआईआर2026 की प्रगति की समीक्षा के लिए 8 सितंबर को होशियारपुर पहुंचेंगे रोल ऑब्जर्वर
होशियारपुर, 06 सितंबर, 2026: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत पंजाब में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर)-2026 प्रक्रिया की निगरानी के लिए नियुक्त रोल ऑब्जर्वर आईएएस अधिकारी दलजीत सिंह मांगट 8 सितंबर को होशियारपुर जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान वह जिले में मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण संबंधी जारी प्रक्रिया और अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा करेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन ने बताया कि रोल ऑब्जर्वर द्वारा 8 सितंबर को जिले के सेक्टर अधिकारियों, लोकसभा/विधानसभा सदस्यों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जाएगी। बैठक के दौरान एस.आई.आर-2026 के तहत मतदाता सूचियों के संशोधन की प्रगति, योग्य मतदाताओं के पंजीकरण और मतदाता सूची से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसके बाद रोल ऑब्जर्वर द्वारा मतदाता सूचियों के संशोधन के दौरान प्राप्त दावों और आपत्तियों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही फील्ड स्तर पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा की जा रही दस्तावेजों की जांच और मतदाताओं के सत्यापन सहित अन्य संबंधित कार्रवाई का भी जायजा लिया जाएगा।
आशिका जैन ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा एस.आई.आर-2026 की प्रक्रिया को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची के संशोधन से जुड़ा प्रत्येक कार्य पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
