डॉ मनमोहन को प्रदान किया गया भूषण ध्यानपुरी स्मृति लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड

चंडीगढ़, 06 सितंबर, 2026: स्वप्न फाउंडेशन, पटियाला द्वारा पंजाब कला परिषद के सहयोग से पंजाब कला भवन, सेक्टर-16, चंडीगढ़ में प्रख्यात साहित्यकार, चिंतक और भाषा-विज्ञानी डॉ. मनमोहन को ‘भूषण ध्यानपुरी स्मृति लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें 51,000 रुपये की राशि, एक दुशाला और सम्मान-पत्र भेंट किया गया, जिसे शायरा संदीप जसवाल ने पढ़ा। कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर सुखविंदर सिद्धू ने सभी का स्वागत किया।
समारोह में प्रख्यात आलोचक डॉ. तेजिंदर सिंह ने कहा कि डॉ. मनमोहन ने पंजाबी अकादमिक जगत में बड़ा कार्य किया है और उनकी रचनाओं के माध्यम से दर्शन आम आदमी तक पहुंचा है। डॉ. हरप्रीत ने उनकी कविता को हाशिये के लोक, ज्ञान और संवाद की कविता बताया, वहीं डॉ. रविंदर कौर ने उनके उपन्यासों ‘निर्वाण’, ‘मन पंखी भइओ’ और ‘सहज गुफा महि आसन’ पर विचार व्यक्त किए। इसके अलावा कथाकार भूपिंदर सिंह मान, बलीजीत, डॉ. मनजिंदर सिंह और डॉ. प्रवीण कुमार ने भी डॉ. मनमोहन के साहित्यिक योगदान की सराहना की।
अध्यक्षीय भाषण में प्रख्यात विद्वान डॉ. रौनकी राम ने डॉ. मनमोहन को बधाई देते हुए संवाद और वैचारिक संतुलन के महत्व पर बल दिया। संस्था के अध्यक्ष डॉ. कुलपिंदर शर्मा ने सभी का धन्यवाद किया। इस अवसर पर जसवीर समर, डॉ. शाम सिंह, भूपिंदर मलिक, गोवर्धन गब्बी सहित कई साहित्यकार और बुद्धिजीवी उपस्थित थे।