ख्वाजा मंदिर के पास सड़क हादसा मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल

संतोषगढ़/ऊना, 8 मई (राजवीर चोपड़ा):- संतोखगढ़ में ख्वाजा मंदिर के समीप एक मोटरसाइकिल चालक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल व्यक्ति टाहलीवाल से संतोखगढ़ की ओर आ रहा था। इसी दौरान अचानक उसका मोटरसाइकिल से संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत पुलिस प्रशासन और 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और 108 स्वास्थ्य विभाग की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि घायल व्यक्ति प्रवासी मजदूर है। वहीं, मोटरसाइकिल के आगे और पीछे किसी भी प्रकार की नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी, जिसके चलते वाहन की पहचान करने में भी कठिनाई आ रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।