डेंटल हेल्थ अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित।
होशियारपुर:- सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. बलवीर कुमार के दिशा-निर्देशों के तहत जिला डेंटल हेल्थ अधिकारी डॉ. कपिल डोगरा की अगुवाई में मेडिकल ऑफिसर (डेंटल) की मासिक बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर जिला डेंटल हेल्थ अधिकारी डॉ. कपिल डोगरा ने उपस्थित मेडिकल अधिकारियों की माह की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की और बताया कि डेंटल हेल्थ प्रोग्राम एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसके अंतर्गत हर आयु वर्ग के लोगों का उपचार किया जाता है। उन्होंने बताया कि बुजुर्गों का प्राथमिकता के आधार पर चेकअप किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि दंत जागरूकता के संबंध में समय-समय पर जागरूकता कैंप लगाकर विद्यार्थियों और आम लोगों को दांतों की सफाई, ब्रश करने की सही तकनीक और दांतों की देखभाल के बारे में जागरूक किया जाए। लोगों को हर छह महीने में एक बार दांतों की जांच कराने के लिए भी प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को यह बताया जाए कि दांतों की जांच और इलाज सरकारी अस्पतालों या विशेषज्ञ डॉक्टरों से ही करवाएं और झोलाछाप डॉक्टरों से दांतों का इलाज कराने से परहेज करें।
इस अवसर पर डॉ. नवनीत कौर, डॉ. बलजीत कौर, डॉ. सनम, डॉ. लक्ष्मी कांता सहित विभिन्न ब्लॉकों से आए डेंटल मेडिकल अधिकारी उपस्थित रहे।
