किराया वसूली की जंग निगम बनाम बकायेदार
करनाल, 8 अक्तूबर: नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया है कि निगम द्वारा पूर्व में सील की गई 16 दुकानों की मरम्मत करवाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए आगामी 13 अक्तूबर 2025 को निगम की गठित टीम संबंधित दुकानों का मौका मुआयना करेगी तथा टूट-फूट आदि की स्थिति की जांच करेगी।
उन्होंने बताया कि इस दौरान संबंधित दुकानों के किरायेदारों का मौके पर उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। उनकी उपस्थिति में दुकानों को डी-सील किया जाएगा तथा दुकानों से मिलने वाले सामान का मूल्यांकन कर उसकी सार्वजनिक बोली के माध्यम से बिक्री की जाएगी, जिससे लंबित किराया एवं अन्य बकाया राशि की वसूली की जाएगी।
आयुक्त ने बताया कि जिन दुकानों में टूट-फूट पाई जाएगी, वहां आवश्यकतानुसार निगम की अभियंता शाखा द्वारा मरम्मत कार्य करवाया जाएगा। मरम्मत कार्य पूर्ण होने के पश्चात नगर निगम खुली बोली करवाकर दुकानों को पुनः किराए पर देगा। इससे निगम को वित्तीय हानि से बचाया जा सकेगा तथा परिसंपत्तियों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त ने कहा कि यह निर्णय निगम की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने एवं परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग के उद्देश्य से लिया गया है। उन्होंने संबंधित किरायेदारों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि 13 अक्तूबर को मौके पर उपस्थित रहें और नगर निगम की इस प्रक्रिया में सहयोग करें।
