जीएसटी की दरें घटने से हर वर्ग को होगा फायदा : कल्याण

करनाल,1अक्तूबर:  हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरिवन्द्र कल्याण ने जीएसटी की दरें घटाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि इससे हर वर्ग के लोगों को फायदा होगा। खर्च घटेगा और आमदन में इजाफा होगा। इससे देश की अर्थ व्यवस्था भी मजबूत होगी। उन्होंने लोगों से स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल की अपील की।
श्री कल्याण आज घरौंडा के ऑडिटोरियम में आयोजित जीएसटी सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। सम्मेलन का विषय था- घटी जीएसटी मिला उपहार, धन्यवाद मोदी सरकार। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सेवा पखवाड़े के दौरान यह महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। मौजूदा सरकार देश को लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा रही है। पिछले कुछ सालों में देश का न केवल सम्मान बढ़ा है बल्कि संस्कृति भी मजबूत हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इसे पूरा करने के लिए हर व्यक्ति को ईमानदारी से कर्तव्य का निर्वहन करना होगा।

चार प्रमुख स्तंभों को किया जा रहा है मजबूत: 
उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। पिछले सालों में समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ पहुंचाने के लिए विभिन्न योजनाएं लागू की गई हैं। सरकार समाज के चार प्रमुख स्तंभों- महिला, किसान, युवा और गरीब वर्ग को सशक्त करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। ऑनलाइन सेवाओं के कारण पात्र लोगों को योजनाओं का सीधे लाभ मिलने लगा है। उन्होंने कहा कि देश में जीएसटी लागू करना एक बड़ा कदम था क्योंकि हर राज्य में अलग-अलग टैक्स वसूला प्रक्रिया थी । उस समय इंस्पेक्टरी राज से व्यापारी वर्ग दुखी था और टैक्स की भी चोरी होती थी। लेकिन जीएसटी लागू होने के बाद टैक्स संग्रह के साथ-साथ व्यापारी वर्ग का सम्मान बढ़ा है। अब सरकार ने जीएसटी की दरें कम करके आम आदमी को फायदा पहुंचाने का काम किया है।

युवाओं को आगे बढ़ने के लिए रास्ते खाले: 
उन्होंने कहा कि युवाओं के कल्याण के लिए स्टार्ट अप के साथ-साथ कई योजनाएं लागू की गई हैं। परिश्रमी युवाओं के लिए सरकार ने आगे बढ़ने के रास्ते खोल दिए हैं। प्रधानमंत्री ने मेक अप इंडिया का आह्वान किया है। श्री कल्याण ने कहा कि अब रक्षा उपकरणों सहित जरूरी सामान भारत में बन रहा है। पहले छोटी-छोटी चीजों के लिए विदेशी पर निर्भर रहना पड़ता था। उन्होंने लोगों से स्वदेशी वस्तुओं की खरीद की अपील की। ऐसा करने से श्रमिकों, कारीगरों के साथ-साथ छोटे दुकानदारों को भी फायदा होगा।

महान विभूतियों की जयंती पर शुभकामनाएं: 
उन्होंने कहा कि दो अक्तूबर को देश की महान विभूति राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का जन्म दिवस है, इसके लिए सभी को शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री की ईमानदारी से सबको प्रेरणा लेनी चाहिए। महात्मा गांधी ने आजादी की लड़ाई तो लड़ी ही, साथ में स्वच्छता का संदेश दिया। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसी व्यवस्था लागू की जिसके कारण आज युवाओं को मेरिट पर नौकरी मिल रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं।
इस मौके पर एसडीएम राजेश सोनी के अलावा नीरज ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में नगर पालिका चेयरमैन हैप्पी लक गुप्ता, बीडीपीओ सोमवीर खटकड., पूर्व चेयरपर्सन निर्मल बैरागी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी, देवेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष दीपक शर्मा, जिला कार्यकारिणी सदस्य सीमा शर्मा, मंजू खैंची, महेंद्र कैमला, व्यापार मंडल के गौरव जैन, पुरूषोतम सेठी आदि मौजूद रहे।