रतिया के एसडीएम ने बताई विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की रूपरेखा
रतिया, 13 जून:- रतिया विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान अपने घर पहुंचने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो अवश्य उपलब्ध करवाएं, ताकि मतदाता सूची में उनकी फोटो एवं अन्य जानकारियां सही एवं सटीक रूप से दर्ज की जा सकें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक है तथा बीएलओ द्वारा मांगी गई जानकारी उपलब्ध करवाना प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
एसडीएम सुरेन्द्र सिंह शनिवार को लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वर्ष 2026 के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत मतदाता सूची का व्यापक सत्यापन किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाकर सूची को अधिक शुद्ध एवं विश्वसनीय बनाना है।
उन्होंने प्रेस वार्ता के माध्यम से सम्बोधित करते हुए बताया कि निर्वाचन आयोग ने 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की है। इस तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी युवा मतदाता के रूप में अपना नाम दर्ज करवा सकेंगे। अभियान के अंतर्गत 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे, एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाएंगे, फोटो एवं अन्य विवरण अपडेट करेंगे तथा आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे। सभी बीएलओ अपने साथ कम से कम 30 खाली फॉर्म-6 और घोषणा पत्र साथ रखेंगे ताकि मौके पर ही नया मतदाता बनने के इच्छुक नागरिकों को फॉर्म उपलब्ध कराया जा सकें।
एसडीएम ने कहा कि नागरिकों को चाहिए कि वे बीएलओ के आगमन पर पूरा सहयोग करें तथा सही एवं प्रमाणित जानकारी उपलब्ध करवाएं। उन्होंने मिडिया के माध्यम से विशेष रूप से आग्रह किया कि प्रत्येक मतदाता दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखे, जिससे मतदाता सूची में फोटो अपडेट करने की प्रक्रिया सुगमता से पूरी की जा सके।
उन्होंने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद सभी नागरिक अपने नाम, पता, फोटो तथा अन्य विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि, कमी अथवा आपत्ति हो तो निर्धारित समयावधि के भीतर दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करें, ताकि अंतिम मतदाता सूची पूरी तरह सही एवं अद्यतन तैयार की जा सके। मतदाता किसी भी फर्जी वेबसाइट या अनाधिकृत व्यक्ति को अपनी जानकारी न दे, यदि किसी भी सहायता या शिकायत के लिए वे सीधे अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर सकते है।
एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत तैयार ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके पश्चात 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जिससे पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जा सकें तथा सूची में मौजूद त्रुटियों का समयबद्ध समाधान किया जा सके। वहीं मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 सितंबर को किया जायेगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और निर्वाचन विभाग का सहयोग करने का आह्वान किया।
