राजस्थान बस और ट्रक की टक्कर में 8 की मौत 24 घायल
जयपुर:- राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार तड़के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक यात्री बस की ट्रक से टक्कर होने के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना कोलवा थाना क्षेत्र के धनावड़ा के पास हुई।
दौसा के पुलिस अधीक्षक पियूष दीक्षित ने बताया कि हादसे में कई यात्री आग की चपेट में आ गए। मृतकों में कुछ की जलने से तथा अन्य की गंभीर सिर की चोटों के कारण मौत हुई।
उन्होंने बताया कि यह बस उत्तराखंड के ऋषिकेश से मध्य प्रदेश के इंदौर जा रही थी। इंदौर की हंस ट्रैवल्स की बस एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को तत्काल बचाकर दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
