राजा वडिंग की फिसली जुबां तो भड़का दलित समाज

करनाल, 07 नवंबर: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडिंग द्वारा देश के पूर्व गृह मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्व. सरदार बूटा सिंह के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी करने पर विवाद गहराता जा रहा है। इस टिप्पणी को लेकर करनाल के कांग्रेस नेता एवं ऑल इंडिया एससी-एसटी फोरम के संयुक्त सचिव स. जसवंत सिंह ने वडिंग के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करवाने की घोषणा की है। जसवंत सिंह ने कहा कि स्व. बूटा सिंह देश के सम्मानित और मर्यादित नेता रहे हैं, जिन्होंने दलित समाज के साथ-साथ पूरे देश का गौरव बढ़ाया। 
उन्होंने मांग की कि कांग्रेस आलाकमान तुरंत राजा वडिंग को पार्टी से निष्कासित करे। स. जसवंत सिंह ने कहा कि राजा वडिंग ने न केवल दलित समाज का अपमान किया है बल्कि कांग्रेस की विचारधारा को भी ठेस पहुंचाई है। हम अकाल तख्त साहिब जाकर सिंह साहिबान से भी वडिंग के खिलाफ धार्मिक कार्रवाई की मांग करेंगे।
 उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सिख पंथ में जातिवाद के लिए कोई स्थान नहीं है। गुरुओं ने हमेशा समानता का संदेश दिया है। सिख समुदाय हर व्यक्ति का सम्मान करता है। जसवंत सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर राजा वडिंग को तत्काल पार्टी से निष्कासित करने की मांग की है। 
इस अवसर पर इनैलो के युवा नेता गुरप्रीत सिंह ने भी राजा वडिंग की टिप्पणी की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह कृत्य क्षमायोग्य नहीं है और इसके विरोध में समाज के लोग आंदोलन करने को तैयार हैं। गुरप्रीत सिंह ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई में देरी हुई तो इसका खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा।