जी स्टार अकैडमी में जन्मदिवस के महत्व पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित
रतिया, 16 जुलाई:- ग्लोबल स्टार अकैडमी, रतिया में जन्मदिवस के महत्व को रचनात्मक ढंग से मनाते हुए विशेष क्विज प्रतियोगिता एवं काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षाविद् एवं साहित्यकार डॉ. नैब सिंह मंडेर ने शिरकत की, जबकि अध्यक्षता अकैडमी की डायरेक्टर बेअन्त कौर ने की।
कार्यक्रम में शायर मनजीत सिंह मूसाखेड़ा का जन्मदिवस केक काटकर मनाने के बजाय साहित्यिक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों के माध्यम से मनाया गया। इस अवसर पर जी स्टार लाइब्रेरी में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के बीच प्रसिद्ध महापुरुषों, गुरुओं, संतों, विद्वानों एवं महान व्यक्तित्वों के जन्मदिवस से संबंधित प्रश्नों पर आधारित रोचक क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में चार टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मनजीत सिंह मूसाखेड़ा, विक्रम, केशव एवं रोहित की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सुनीता रानी, हर्षदीप, नवदीप एवं गुलशन की टीम द्वितीय स्थान पर रही। विजेता टीमों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित कर विशेष उपहार प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि डॉ. नैब सिंह मंडेर ने अपने संबोधन में कहा कि साहित्य के प्रति रुचि, नियमित अध्ययन और सामान्य ज्ञान का विकास व्यक्ति के सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पुस्तकें पढ़ने, साहित्य से जुड़ने तथा महान विभूतियों के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान शायर मनजीत सिंह मूसाखेड़ा ने अपनी प्रभावशाली कविताओं एवं शेरो-शायरी से उपस्थित विद्यार्थियों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों को सभी ने खूब सराहा। अकादमी के एच ओ डी सुखप्रीत सिंह मंडेर ने धन्यवाद किया |
इस अवसर पर रोहित, नरेंद्र, केशव सहित अकैडमी का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
