बाबा कलंदर साहिब की दरगाह पर 17 नवंबर को गूंजेंगी कव्वालियां
करनाल, 15 नवंबर:- बाबा बू अली शाह कलंदर महाराज का सालाना उर्स एवं भंडारा 17 नवंबर को दरगाह शरीफ, कलंदरी गेट करनाल में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सालाना मेला, भंडारा एवं “महफ़िल-ए-कव्वाली—शान-ए-कलंदर” का आयोजन होगा। सुबह 9 बजे दरबार श्री कलंदर साहब, याद सराय जुण्डला गेट से शोभायात्रा आरंभ होकर बासो गेट, चौड़ा बाजार, कर्ण गेट, सचदेवा स्वीट्स होते दोपहर 12 बजे दरगाह शरीफ पहुंचेगी।
यह जानकारी बाबा रामकरण जी महाराज, रवि कश्यप, वेवी चंद गुप्ता, तरणजीत सिंह, राकेश और ललित शर्मा ने दी।शोभायात्रा में गुरु महाराज श्री रामकरण जी व गद्दीनशीन श्री रवि साई जी सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ बार-ए-मुबारक लेकर चलेंगे। घोड़ों पर सवार सेवक बाबा जी की शान में पंखे लेकर चलेंगे। एक सजीव बग्गी पर बाबा जी का स्वरूप और उसके आगे शहर के मशहूर बैंड शोभायात्रा की शान बढ़ाएंगे।
लगभग 800 वर्ष पुरानी इस दरगाह की परंपरा समाज में फैली बुराइयों को समाप्त करने के प्रयास से भी जुड़ी है। शोभायात्रा में ऑपरेशन सिंदूर, सर्वधर्म एकता तथा रामलला की झांकियां विशेष आकर्षण होंगी। दोपहर 12 बजे दरगाह पर चादर मुबारक पेश की जाएगी। इसके बाद रणबीर सिंह हुड्डा पार्क (मुगल कैनाल) में भंडारा होगा। शाम 7 बजे दरगाह शरीफ पर मुंबई के सुप्रसिद्ध सूफी गायक रईस अनीश साबरी और फारूख शाहरूख कलंदरी अपनी कव्वालियां पेश करेंगे।
