पुरुषोत्तम मास के समापन और सोमवती अमावस्या को सुधार सभा द्वारा श्रद्धा और धूमधाम से मनाया गया

पटियाला:- सुधार सभा द्वारा पुरुषोत्तम मास के समापन समारोहों को बड़ी श्रद्धा और धूमधाम से मनाया गया। 13 जून 2026, शनिवार की शाम को शिव मंडली द्वारा महिला कीर्तन का आयोजन किया गया और बिल्वपत्र के पौधे लगाए गए। आरती के उपरांत पूर्ण खजांची की पोती कशिश का जन्मदिन मनाया गया और राधा-कृष्ण के मधुर भजन गाए गए। बच्चों में टॉफियां, चॉकलेट आदि बांटी गईं और अटूट लंगर बरताया गया। भक्तों ने प्रभु भक्ति का पूरा आनंद लिया और संगत में पंक्तियां बनाकर लंगर चखा। सुधार सभा के सभी सदस्यों ने लंगर बनाने और परोसने की सेवा की।
15 जून 2026 को सोमवती अमावस्या मनाई गई, जो कि इस दिन पुरुषोत्तम मास का समापन भी था। जेठ महीने में सोमवती अमावस्या का ऐसा दुर्लभ संयोग 30 साल बाद आया है। सेवानिवृत्त पंडित शिवनी शर्मा ने बताया कि यह दिन पितरों को समर्पित है। इस दिन दान, पुण्य और स्नान को अत्यंत शुभ माना गया है। सुधार सभा ने बताया कि उनके द्वारा यह पहली बार इस तरह से मनाया गया है। सुबह मंदिर में खीर का प्रसाद लगाकर भक्तों को बांटा गया और शाम को 5:00 बजे शिव जी की मूर्ति के पास भी वितरण किया गया। मंदिर में आरती के बाद खीर-पूड़े का लंगर बरताया गया। अन्य भक्तों द्वारा भी अपने बुजुर्गों की याद में तरह-तरह के पकवान बांटे गए। शाम को आरती के बाद मंदिर में भक्तों का जमावड़ा मेले का रूप धारण कर गया।
मोहल्ला और शहर निवासियों ने बताया कि जब से शिव जी की विशाल मूर्ति स्थापित हुई है और 'सुधार सभा श्री केदार नाथ जी (रजि.)' की स्थापना हुई है, तब से मंदिर जगमगा उठा है और लोगों का आना-जाना बहुत बढ़ गया है। हर कोई कहता है कि यहां आकर जो भी मन्नत मांगते हैं, भोले बाबा उसे अवश्य पूरा करते हैं। सुधार सभा की ओर से विनती है कि अधिक से अधिक भक्त आकर नतमस्तक हों और भोले बाबा जी का आशीर्वाद प्राप्त करें।