पंजाब यूनिवर्सिटी छात्र परिषद चुनाव एबीवीपी ने जीता
चंडीगढ़:- पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस छात्र परिषद चुनावों में इस बार फिर से भाजपा के छात्र विंग एबीवीपी की जीत हुई है। एबीवीपी के उम्मीदवार अंकित बिधान यह चुनाव जीतकर छात्र परिषद के अध्यक्ष बन गए हैं।
बताने योग्य है कि शिरोमणि अकाली दल (बादल) के छात्र विंग एसओआई की ओर से भी बीते दिन भाजपा के छात्र विंग एबीवीपी को समर्थन दे दिया गया था। आज अंकित बिधान की जीत और इस गठबंधन ने पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक गलियारों में एक नई चर्चा छेड़ दी है।
जैसे ही आज पीयू के जिम्नेजियम हॉल में चुनाव परिणाम घोषित किए गए तो अंकित बिधान की जीत की खबर सुनते ही एबीवीपी और शिरोमणि अकाली दल के छात्र विंग एसओआई समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। अंकित के समर्थकों ने उन्हें कंधों पर उठाकर जीत का जश्न मनाया। हालांकि कहने को तो यह सिर्फ छात्र परिषद का चुनाव था और संगठनों की ओर से एक-दूसरे पर राजनीतिक हस्तक्षेप के आरोप लगाए जाते रहे, लेकिन आज चुनाव परिणाम घोषित होते ही राजनीतिक पार्टियों का खुलकर चेहरा सामने आया।
एबीवीपी के विजेता रहे अध्यक्ष अंकित ने जीत के बाद ‘झाड़ू’ तोड़कर आम आदमी पार्टी के प्रति गुस्से का इजहार किया।
