इंडिगो की उड़ान में बम की अफवाह पर पंजाब पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की
चंडीगढ़, 8 जुलाई - पंजाब पुलिस ने पिछले हफ्ते हैदराबाद से चंडीगढ़ के शहीद भगत सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे इंडिगो के एक विमान में बम की झूठी अफवाह फैलाने के सिलसिले में एक प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, 5 जुलाई को हवाई अड्डे पर उतरने के बाद विमान के शौचालय में 'अंदर बम है' लिखा एक टिशू पेपर मिला था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि नोट मिलने के बाद विमान की गहन तलाशी ली गई, लेकिन कोई विस्फोटक नहीं मिला। पुलिस उपाधीक्षक अमरप्रीत सिंह ने कहा, "हैदराबाद से इंडिगो का विमान 5 जुलाई को यहाँ उतरा था और उसे दिल्ली जाना था। यात्रियों के उतरने के बाद, सफाई के दौरान विमान के शौचालय में 'अंदर बम है' लिखा एक टिशू पेपर मिला।"
उन्होंने बताया, "इंडिगो के सुरक्षा प्रबंधक ने तुरंत हवाईअड्डा अधिकारियों और पुलिस को सूचित किया। तोड़फोड़-रोधी दल, बम निरोधक दस्ते और सीआईएसएफ के जवानों ने विमान की गहन तलाशी ली। यात्रियों के सामान की भी जाँच की गई, लेकिन कुछ नहीं मिला।"
इस संबंध में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, गैरकानूनी गतिविधियाँ (रोकथाम) अधिनियम और विमान (सुरक्षा) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। डीएसपी ने बताया कि आगे की जाँच जारी है।
