पंजाब सरकार राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध : जय कृष्ण सिंह रौड़ी
गढ़शंकर10 जनवरी: पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने आज गढ़शंकर सब-डिवीजन के माहिलपुर में 2 करोड़ 15 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सड़कों के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर स्थानीय निवासियों को संबोधित करते हुए डिप्टी स्पीकर ने कहा कि राज्य सरकार राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत चुनावों के दौरान उन्होंने सड़कों के निर्माण का जो वादा किया था, उसे पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से न केवल गांवों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा, बल्कि कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। यह विकास कार्य क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों और आम जनता के लिए वरदान साबित होंगे।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने गढ़शंकर सब-डिवीजन में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए व्यापक योजनाएं बनाई हैं। इन योजनाओं के तहत सड़कों, जलापूर्ति, स्वास्थ्य सुविधाओं और शिक्षा सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रौड़ी ने कहा कि यह परियोजना राज्य सरकार के समग्र विकास एजेंडे का हिस्सा है। डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने अधिकारियों को समय पर और पारदर्शी तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नागरिकों से सरकार की विकास योजनाओं में सहयोग करने की अपील की। स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत किया और डिप्टी स्पीकर और पंजाब सरकार का धन्यवाद किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।
