अपनी कानून प्रदत्त शक्तियों का सदुपयोग करें जनप्रतिनिधि डॉ चौहान

नीलोखेड़ी/करनाल, 27 नवंबर: हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि पंचायत समितियों के सदस्य और पदाधिकारी अपनी कानून प्रदत्त शक्तियों को पहचान कर ग्राम विकास के काम में उनका सदुपयोग करें। पंचायत समिति ग्रामीण विकास की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण  कड़ी  हैं और इसके सदस्यों को योजनाओं, नीतियों एवं प्रक्रियाओं की गहन समझ जरूरी है।
डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान राजीव गांधी स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ पंचायती राज एंड कम्युनिटी डेवलपमेंट में चल रहे दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन सत्र में वीडियो कांफ्रेंिसंग के जरिए प्रतिभागियों को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. चौहान ने कहा कि पारदर्शिता, सहभागिता और जवाबदेही ही पंचायत व्यवस्था को मजबूत बनाती है। प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों में नेतृत्व क्षमता को विकसित करना है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विकास योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर सकें।
उन्होंने प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि पंचायत समिति के सदस्य जागरूक और प्रशिक्षित होंगे, तो विकास कार्य तेजी और गुणवत्ता के साथ पूर्ण होंगे। इस अवसर पर प्रतिभागी पंचायत समिति सदस्यों ने दैनिक कामकाज में उन्हें पेश आने वाली समस्याओं से हरियाणा ग्रामीण विकास के निदेशक को अवगत करवाया।
 कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर वीरेंद्र ग्रेवाल, राजीव गांधी स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ पंचायती राज एंड कम्युनिटी डेवलपमेंट ने की। प्रो. ग्रेवाल ने डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया और कहा कि उनका अनुभव एवं मार्गदर्शन प्रतिभागियों के लिए अत्यंत उपयोगी रहा है।
 इस अवसर पर मास्टर रिसोर्स पर्सन नारायण दत्त, संजीव कुमार, मोना कुमारी, वाइस चेयरमैन पंचायत समिति भुना, गौतम कुमार पंचायत समिति सदस्य थानेसर, गुरजंट सिंह मतलोडा, सुनीता देवी उचाना, लाभ सिंह सिवन, प्रवीण कुमार उचाना, सुमेर सिंह पुंडरी तथा अन्य पंचायत समिति सदस्य उपस्थित रहे।