नगर पंचायत टाहलीवाल में मतदाता सूची अपडेट को लेकर सार्वजनिक सूचना जारी

हरोली/ऊना, 20 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- नगर पंचायत टाहलीवाल क्षेत्र के नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। राज्य निर्वाचन आयोग, हिमाचल प्रदेश के निर्देशों के अनुसार ऐसे सभी व्यक्ति, जिनकी आयु 1 अप्रैल 2026 तक 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा, जिन मतदाताओं का निधन हो चुका है या जो विवाह अथवा अन्य कारणों से किसी अन्य स्थान पर स्थायी रूप से स्थानांतरित हो गए हैं, उनके नाम मतदाता सूची से हटवाने (विलोपन) के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इच्छुक नागरिक निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से अपना आवेदन नगर पंचायत टाहलीवाल कार्यालय में जमा कर सकते हैं। सभी आवेदनों को 28 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।
नगर पंचायत टाहलीवाल के सचिव ने क्षेत्र के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर अपने आवेदन प्रस्तुत कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।