घरौंडा में जनसुनवाई कार्यक्रम अधिकारियों को मौके पर समस्याओं के निपटारे के निर्देश
करनाल, 6 दिसंबर: हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने आज घरौंडा के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस परिसर में हलके के लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निपटारे के निर्देश दिए।
इस मौके पर कैमला गांव के लोगों ने श्मशान घाट के रास्ते पर रिटेनिंग वॉल बनवाने, शैड बनवाने, सोलर लाइट लगवाने, सिरसी के लोगों ने गांव में खेतों में गंदे पानी से फसलों को बचाने, गढ़ी भरल और कुटैल वासियों ने बिजली के ट्रांसफार्मर शिफ्ट कराने की मांग विधानसभा अध्यक्ष से की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में उचित कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके अलावा गढ़ी भरल में गली पक्की कराने, स्कूल में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, बस्सी से नहरी विभाग के नाले तक सडक़ निर्माण के कार्य में तेजी लाने, बसताड़ा में खेतों के रास्ते पक्का कराने, फिरनी को ऊंचा उठाने, कोहंड में गलियां बनवाने, ट्रांसफार्मर शिफ्ट कराने और डेरे पर बिजली सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी ग्रामीणों द्वारा रखी गई।
विधायिका की मजबूती के लिए उठाए जा रहे हैं कदम
पत्रकारों द्वारा पूछे एक सवाल के जवाब में श्री कल्याण ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विधायिका महत्वपूर्ण स्थान है। हरियाणा में विधायिका की जिम्मेदारी के नाते उनका अलग-अलग राज्यों में जाना होता है। उन राज्यों की अच्छी परंपराओं, नियमों, कानूनों का अध्ययन कर उन्हें यहां लागू करने का प्रयास किया जाता है। संसद और सभी राज्यों के विधानमंडल एक डिजीटल प्लेटफार्म पर हों, इस दिशा में केंद्र सरकार प्रयासरत है। विधायिका का मजबूत होना जरूरी है। इसी के माध्यम से ही लोगों की बातें सरकार तक पहुंचती हैं। जितनी अच्छी चर्चा होती है उतने ही समाधान भी सामने आते हैं।
विकसित राष्ट्र बनाने में सहभागी बनें
एक अन्य प्रश्न पर कहा कि प्राचीनकाल से ही देश में नारी शक्ति को प्राथमिकता मिली है। नारी सशक्तिकरण के मामले में दक्षिण के राज्य कुछ आगे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के पीछे मकसद महिला सशक्तिकरण ही है। आज इसके सकारात्मक नतीजे सामने आ रहे हैं। आज भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। सभी को इसमें सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
इस मौके पर बीडीपीओ सोमवीर खटकड़, बीईओ रवींद्र कुमार, बिजली बोर्ड के कार्यकारी अभियंता राजीव ढिल्लों, एसडीओ चांद सांगवान, नगर पालिका सचिव रवि प्रकार, पुलिस निरीक्षक दीपक, भाजपा नेत्री मंजू खैंची, भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी, अंकित जैन, रवि त्यागी, अजय राणा आदि मौजूद रहे।
