ऊना में देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ 3 महिलाएं रेस्क्यू 3 आरोपी गिरफ्तार
ऊना, 9 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला मुख्यालय में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के एक रैकेट का पर्दाफाश किया है। संयुक्त पुलिस टीम ने एक निजी गेस्ट हाउस में छापेमारी कर तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया, जबकि तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को लंबे समय से इस अवैध गतिविधि के संबंध में गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं। इसी आधार पर योजना बनाकर आज शहर के एक निजी गेस्ट हाउस में छापा मारा गया।
छापेमारी के दौरान मौके से तीन महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जबकि तीन युवकों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।
एसपी ऊना, सचिन हीरामेठ ने बताया कि पुलिस को इस गतिविधि की पहले से सूचना मिल रही थी और इस गिरोह को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि आज की कार्रवाई में तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया गया है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही गेस्ट हाउस के मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब गेस्ट हाउस मालिक की भूमिका की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और भविष्य में भी इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
