प्रो सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली में अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के साथ समझौता ज्ञापन

हरोली/ऊना, 12 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली में गुरुवार को अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के साथ एक महत्वपूर्ण मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य महाविद्यालय के विद्यार्थियों को कौशल विकास, व्यावसायिक प्रशिक्षण तथा रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने महाविद्यालय का दौरा किया और विद्यार्थियों को विभिन्न वोकेशनल (व्यावसायिक) पाठ्यक्रमों तथा स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
इस MoU के तहत महाविद्यालय में स्थापित स्किल डेवलपमेंट सेंटर के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम उपलब्ध करवाए जाएंगे, जिससे वे रोजगार के लिए आवश्यक कौशल विकसित कर सकें और अपने करियर के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र कुमार ने बताया कि यह समझौता विद्यार्थियों के भविष्य के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण और रोजगार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होगी।
उन्होंने अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों के कौशल विकास को नई दिशा मिलेगी और उन्हें भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।