जनगणना 2027 की तैयारियां तेज तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
करनाल, 6 अप्रैल:- हरियाणा राज्य में जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में जिला में जनगणना विभाग द्वारा तीन दिवसीय प्रगणकों व सुपरवाइजरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला की सभी तहसीलों व नगरपालिकाओं में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 23 बैचों में 1035 प्रगणकों व सुपरवाइजरों ने प्रशिक्षण लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान फील्ड ट्रेनर द्वारा जनगणना 2027 के निर्धारित मानकों के अनुरूप विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसमें मकान सूचीकरण, परिवार विवरण, डिजिटल डेटा संकलन, मोबाइल एप के उपयोग तथा फील्ड में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों से निपटने के तरीकों की जानकारी दी जा रही है।
बता दें कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक 30 दिनों की अवधि में किया जाएगा। इससे पूर्व 16 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक नागरिकों को ‘जनगणना पोर्टल’ के माध्यम से ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे लोग स्वयं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके पश्चात दूसरे चरण में फरवरी 2027 के दौरान जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा।
