हरोली के लालूवाल में पुलिस की रेड चिट्टाभुक्की व ड्रग मनी सहित एक गिरफ्तार
हरोली/ऊना, 5 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- जिला ऊना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरोली के लालूवाल क्षेत्र में छापेमारी कर एक युवक को चिट्टा, भुक्की और ड्रग मनी सहित गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक सचिन के दिशा-निर्देशों पर थाना हरोली की टीम ने निरीक्षक सुनील कुमार संख्यान के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर लालूवाल में एसके आर्ट्स नामक दुकान पर रेड की। इस दौरान पुलिस ने पंजाब के एक युवक को 1.23 ग्राम चिट्टा, 6.34 ग्राम भुक्की तथा 1080 रुपये ड्रग मनी के साथ पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस ने मौके पर मौजूद पांच अन्य युवकों का मेडिकल भी करवाया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी की पहचान सुनील कुमार (26) पुत्र हरिदेव निवासी गांव जंडियाला, डाकघर महिलपुर, तहसील गढ़शंकर जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने ऊना के लालूवाल में फाइन आर्ट की दुकान खोल रखी थी और उसी की आड़ में नशे का कारोबार चला रहा था।
पुलिस अधीक्षक सचिन ने बताया कि युवा पीढ़ी नशे के सौदागरों के जाल में फंसकर अपना भविष्य दांव पर लगा रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे आगे आकर इस सामाजिक बुराई को खत्म करने में सहयोग करें।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चिट्टे की खेप कहां से लाता था और ऊना में उसका नेटवर्क किन लोगों के साथ जुड़ा हुआ है। थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिला पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सतर्कता और सूझबूझ के साथ कार्रवाई कर रही है और ऐसे लोगों को सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है। यदि किसी व्यक्ति को नशा बेचने संबंधी कोई जानकारी हो तो वह जिला पुलिस अधीक्षक के व्हाट्सएप नंबर पर निसंकोच सूचना दे सकता है। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
